द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में गर्मी की तपिश से लोग परेशान हैं। सुबह से ही गर्मी का असर दिखने लग रहा है। इसके बाद धूप लोगों को झुलसा रही है। दोपहर होते ही सड़कों पर लोगों की भीड़ कम नजर आ रही है। दरअसल झारखंड में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। 5 जिलों का पारा 41 के पार पहुंच गया है। झारखंड में सबसे अधिकतम तापमान जमशेदपुर व डाल्टेनगंज का दर्ज किया गया है। यहां का पारा 41.7 दर्ज किया गया है। चाईबासा का पारा 41.6, देवघर का 41.3, गढ़वा का अधिकतम तापमान 41.1 पहुंच गया है। वहीं, कई जिलों का पारा 40 के करीब पहुंच गया है। बोकारो थर्मल का पारा 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि, सिमडेगा का 39.9, रामगढ़ का 39.6 और रांची का पारा 38.2 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि राज्य के अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

इन जिलों में बारिश की है संभावना
इस बीच राहत की खबर है कि 14 अप्रैल को दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छाए रहने की उम्मी जताई गई है। वहीं, 15 अप्रैल को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। जबकि, 16 व 17 अप्रैल को झारखंड में गर्जन के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 20 अप्रैल को भी गर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। राज्य के उत्तर-पश्चिमी व दक्षिणी भागों में बारिश की उम्मीद है। मतलब पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम सिमडेगा व सरायकेला खरसांवा में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

लगातार चढ़ेगा रांची का पारा
रांची और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी की तपिश में लगातार इजाफा होने का पूर्वानुमान है। रांची मौसम केंद्र के पूर्वानुमान पदाधिकारी के अनुसार रांची का पारा 14 अप्रैल से लेकर 16 अप्रैल तक 39 डिग्री रहने की उम्मीद है। फिर 17 अप्रैल को 40 व 18 अप्रैल को 41 डिग्री तक अधिकतम तापमान होने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री तक पहुंच सकता है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची का रहा
मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज व जमशेदपुर का 41.7 डिग्री रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सिमडेगा का दर्ज किया गया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT