द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुलाडीह गांव के तीन युवक महिला को बहला-फुसलाकर काशीडीह स्थित पलास जंगल के समीप ले गए और वहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

त्वरित कार्रवाई में तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर जामताड़ा थाना कांड संख्या 77/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलाडीह गांव निवासी नरेश महतो, निवास महतो और बिलु महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।

पीड़िता की मेडिकल जांच, जांच जारी
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।