logo

मंत्री दीपिका ने किया लीगल कैंप का उद्घाटन, लोगों को दी जा रही कानून और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी

DIPIKA0026.jpg

गोड्डा

झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मेहरमा प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। जिला प्रशासन गोड्डा और प्रखंड कार्यालय मेहरमा की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों के स्टॉल पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


हर नागरिक को न्याय और अधिकार मिलना जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के न्याय, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि संविधान सभी लोगों को समान अधिकार देता है और कानून तभी सफल माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कई लोग जानकारी के अभाव में अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग नहीं कर पाते। ऐसे शिविर लोगों को जागरूक करने, मुफ्त कानूनी सलाह देने और न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी लें और उनका लाभ उठाकर अपने जीवन को बेहतर बनाएं।


लाभुकों को मिला आवास, ऋण, साइकिल और अन्य सुविधाएं
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से कई योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया गया। अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। इसके अलावा पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, श्रम कार्ड और अन्य जरूरी परिसंपत्तियां वितरित की गईं। छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साइकिलें दी गईं, जबकि दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। शिविर में मुफ्त स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श की भी व्यवस्था रही, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।


विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम पहल
शिविर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभी को मुफ्त कानूनी परामर्श, उनके अधिकारों की जानकारी और सरकारी योजनाओं से जुड़ा मार्गदर्शन दिया गया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन के जरिए हर नागरिक तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनहितकारी शिविर न केवल लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसा भी मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता का लाभ पहुंचाया जाएगा।

Tags - MeharmaGoddaDeepika Pandey SinghLegal Empowerment CampJharkhand Government