पश्चिम सिंहभूम
मनोहरपुर के आयरन ओर माइंस चिड़िया (सेल) के ठेका श्रमिकों की शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक गिडुंग स्कूल परिसर के समीप शंकर मुंडारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में ठेका श्रमिकों ने एकजुट होकर मजदूर हितों और कार्य व्यवस्था को लेकर चर्चा की. बैठक में श्रमिकों ने स्पष्ट कहा कि पुराने ठेकेदार की तरह अब मनमानी नहीं चलने दी जाएगी. मजदूरों ने मांग रखी कि मनोहरपुर के मनीपुर से पोंगा जंक्शन तक स्थानीय श्रमिकों को काम पर रखा जाए. इसके साथ ही श्रमिकों ने निर्णय लिया कि आने वाले दिनों में एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जो मजदूरों की समस्याओं को सीधे ठेकेदार के समक्ष रखेगी. वहीं मजदूरों के आपसी विवाद और समस्याओं का समाधान भी कमेटी के माध्यम से किया जायेगा.
बैठक को संबोधित करते हुए धनसिंह सोय ने कहा कि मजदूरों को वर्षों से उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सेल अधिकारियों और ठेकेदारों से वार्ता के बावजूद भ्रष्टाचार के कारण मजदूरों का हक मारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब किसी प्रकार की दलाली और अधिकारियों की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में मुख्य रूप से दुर्गा मुंडारी, लखन बिरगम, गणेश सोय, किस्टो बिरगम, लक्ष्मण सोय, जगरनाथ दास, लादु बिरगम, संजु गोप, विरेंद्र मुंडारी समेत बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थें.
