द फॉलोअप डेस्क
आज नई दिल्ली में पलामू के माननीय सांसद विष्णु दयाल राम ने एन0एच0ए0आई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से वार्ता किया एवं पत्र लिखकर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत मेदिनीनगर नगर निगम के समीप अधूरे एनएच 39 बाइपास सडक पर जोरकट में एन0एच0ए0आई के द्वारा टोल प्लाजा को चालु कर देने से जनता को आवगमन में हो रही कठिनाईयों से अवगत कराया। सांसद दयाल राम ने कहा कि उक्त टोल प्लाजा भोगू-शंखा खंड एनएच 39 पर स्थित है, जो रांची-वाराणसी कॉरिडोर के अंतर्गत भारतमाला परियोजना का हिस्सा है। विदित है कि इस टोल प्लाजा से 07 मार्च 2026 से टोल वसूली प्रारंभ कर दी गयी है, जबकि इस खंड का सड़क निर्माण कार्य अभी पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हुआ है। विशेष रूप से टोल प्लाजा के आसपास का क्षेत्र अभी अधूरा है। टोल प्लाजा से रांची की ओर लगभग चार किलोमीटर तक का हिस्सा अभी भी निर्माणाधीन है, जिसकी शुरुआत टोल प्लाजा से लगभग 100 मीटर की दूरी से ही होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी दुबियाखंड, जोरकट, चियांकी, पोखराहा, जोड़, सिंगरा कला, लोहडा, पंडवा एवं राजहरा जैसे आसपास के गांवों में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर एन0एच0ए0आई पदाधिकारियों को अवगत कराया था, इन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति अभी भी धीमी और असंतोषजनक बनी हुयी है।
.jpeg)
साथ ही मेदिनीनगर शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए एन0एच0ए0आई के द्वारा एक कनेक्टिंग रोड बनाए जाने की भी योजना है। यह सड़क जिला मुख्यालय की सुगम कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, परंतु इस परियोजना पर अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इसी खंड पर पोखराहा एवं जोड़ गांव में प्रस्तावित दो फ्लाईओवर (वीयूपी) का निर्माण भी अभी तक शुरू नहीं किया गया है, जबकि ये फ्लाईओवर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक हैं। उपरोक्त परिस्थितियों के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। आसपास के गांवों के कई ग्रामीण और किसान प्रतिदिन कम दूरी तय कर मेदिनीनगर आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहते हुए टोल वसूली शुरू होने से आम लोगों की परेशानियाँ बढ़ गयी हैं। माननीय सांसद दयाल राम ने एन0एच0ए0आई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से अनुरोध किया है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से समाप्त नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली को बंद किया जाय। साथ ही सभी लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।