logo

मानगो के विकास को लेकर मेयर सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के MD से की मुलाकात

mayor_mango.jpg

जमशेदपुर
मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की. बैठक में मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी.
चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर बनी सहमती
बैठक में सुरक्षित मानगो अभियान के तहत मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने पर सहमति बनी. इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया. इसके अलावा मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके.

पृथ्वी और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण की भी हुई बात
बैठक में ग्रीन मानगो की अवधारणा के तहत पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ ही वहां ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया. यह कार्य टाटा स्टील के सहयोग से किया जायेगा. डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में भी सहयोग देने पर सहमति बनी. बताया गया कि इससे छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा, साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार होगा.
MGM के सामें खाली जमीन पर पार्क निर्माण की योजना
MGM अस्पताल के समीप खाली पड़ी भूमि पर पार्क निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराने की भी योजना बनायी गयी है. वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से रोजगारोन्मुखी योजनाएं चलाने पर भी सहमति बनी. बैठक में कांग्रेस कार्यालय निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने, मानगो छोटा पुल के मरम्मत कार्य तथा एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय इलाकों में सड़क, नाली और सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी चर्चा हुई. इन कार्यों में टाटा स्टील सहयोग करेगा.
कॉर्पोरेट सहयोग से विकास योजनाओं को मिलेगी गति: सुधा गुप्ता
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. उन्होंने कहा कि नगर निगम सीमित संसाधनों के बीच कार्य कर रहा है, ऐसे में कॉर्पोरेट सहयोग से विकास योजनाओं को गति मिलेगी. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस पहल को मानगो के समग्र विकास की दिशा में अहम कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि सभी योजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी. इस बैठक में टाटा स्टील के वीपी सीएस डीबी सुंदरा रमम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. 

 

Tags - Mango Municipal Corporation Development Tata Steel Mango Project Mango Smart City Initiative Dimna Chowk Infrastructure Development Mango Urban Development Jharkhand