सिमडेगा
जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के जामपानी पुल के समीप आज रविवार की सुबह एक चलती मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बच गई।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक मनोज साहू, जो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी हैं, सुंदरगढ़ से फ्लाई ऐश लोड कर लोहरदगा के कुड़ू जा रहे थे। इसी दौरान जामपानी पुल के पास ट्रक में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग तेजी से फैलते देख चालक ने तुरंत वाहन रोका और समय रहते ट्रक से बाहर निकल गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।