logo

टेंडर मैनेज करने के लिए कई IAS अफसर भी करते थे बीरेंद्र राम को फोन, कॉल रिकॉर्डिंग से पहचानी आवाज

टेंडर मैनेज करने के लिए कई IAS अफसर भी करते थे बीरेंद्र राम को फोन, कॉल रिकॉर्डिंग से पहचानी आवाज

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के मुख्य अभियंता बीरेंद्र राम को ईडी रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है। आज रिमांड का चौथा दिन है। ऐसे में बीरेंद्र राम कई राज उगल रहा है। उसने बताया है कि उसको टेंडर मैनेज करने के लिए कई बड़े लोगों का फोन आता था, उनमें कुछ आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। मालूम हो कि ईडी ने बीरेंद्र राम पर नजर बनाए रखने के लिए उसका फोन सर्विलांस पर रखा था। जब उसके कॉल रिकॉर्ड की जांच हुई तो खुलासा हुआ कि टेंडर मैनेज करने के लिए उन्हें नेताओं के अलावा अफसर भी फोन किया करते थे। ईडी ने अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की पहचान की है।  जब भी बीरेंद्र राम को फोन आता था तो नेता, अधिकारी अपने किसी खास ठेकेदार को काम देने को कहता था।नेताओं और अधिकारियों के फोन आने के बाद चहेतों के पक्ष में टेंडर मैनेज करने के लिए एक खास प्रक्रिया अपनाई जाती थी, ताकि नियमों और कानून को आसानी से धता बताया जा सके। ईडी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीरेंद्र राम के द्वारा किन-किन ठेकों में किसे लाभ पहुंचाया गया। उसके बदले कितनी रकम किसे दी गई। वहीं खुद वीरेंद्र राम ने कितने की उगाही कमीशन के तौर पर की है। यह भी ईडी पता कर रही है। वीरेंद्र राम जो जो खुद से स्वीकार किया है। ईडी उसका सत्यापन काफी गहराई से कर रही है।


कॉल रिकॉर्डिंग सुनाई गई 
फोन आने के बाद सबसे पहले विभाग के ठेकेदारों को बुलाया जाता था और कहा जाता था कि यह काम किसी खास को देने को कहा गया है इसलिए वह इसमें कॉपरेट करें और ज्यादा रेट कोट करते हुए अपना वित्तीय बीड डालें। कुछ लोगों को ऑफलाइन कॉपी डालने से रोका जाता था। इससे किसी खास व्यक्ति को ही किसी खास योजना का काम देना संभव हो पाता था । ईडी ने वीरेंद्र राम को उसकी ही कॉल रिकॉर्डिंग सुनाई। उनमें कुछ आईएएस अधिकारी के आवाज को सुनकर बीरेंद्र राम ने पहचान लिया है।

सरकार से सारा ब्यौरा मांग 
इधर ईडी ने राज्य सरकार से वीरेंद्र राम की संपत्ति, निपटाए गए टेंडर, सरकारी बंगला आवंटन और सर्विस से संबंधित ब्योरा मांगा है। इसके लिए संबंधित विभाग के सचिवों को पत्र लिखा गया है। ईडी यह जानना चाहती है कि वीरेंद्र राम ने अपने कार्यकाल के दौरान का संपत्ति ब्यौरा दिया है या नहीं। अगर उसने राज्य सरकार को ब्यौरा नहीं दिया तो उसकी जांच के लिए ईडी को उपलब्ध कराया जाए। ईडी ने ग्रामीण विकास विभाग, आरईओ और जल संसाधन विभाग को पत्र लिखकर विस्तृत ब्यौरा मांगा है। क्योंकि वह 2018 तक ग्रामीण विकास विभाग के अलावा चांडिल प्रमंडल के भी प्रभार में रहा है।