logo

मानगो जलापूर्ति योजना जल्द होगी पूरी, एक माह में लोगों को मिलने लगेगा पानी : मेयर सुधा गुप्ता

वोललो2.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र की वर्षों पुरानी जलापूर्ति समस्या जल्द खत्म हो सकती है। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने दावा किया है कि लंबे समय से लंबित मानगो जलापूर्ति योजना अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और अगले एक माह के भीतर इसे पूरा कर लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों के दौरान लगातार प्रयास और विभागीय समन्वय के कारण परियोजना को गति मिली है। मेयर सुधा गुप्ता ने जारी बयान में कहा कि मानगो की जनता लंबे समय से इस योजना के पूरा होने का इंतजार कर रही थी। अब योजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को नियमित और बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इससे जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।


विभागीय समन्वय से सुलझे लंबित मुद्दे
सुधा गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें और समन्वय स्थापित कर योजना से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान कराया गया। इसी का परिणाम है कि वर्षों से अटकी यह परियोजना अब पूर्णता की ओर बढ़ रही है। मेयर के अनुसार योजना शुरू होने के बाद मानगो के हजारों परिवारों को नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में टैंकर आधारित जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भरता भी काफी कम हो जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।


राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग की अपील
मेयर ने कहा कि कुछ लोगों ने योजना में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया, लेकिन जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि मानगो की जनता को पानी उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक माह में योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलेगी।

 

Tags - Mango Jamshedpur Water Supply Sudha Gupta Jharkhand News