logo

मानगो मेयर सुधा गुप्ता ने पदभार ग्रहण करते कहा, नगर निगम का दरवाज़ा हर व्यक्ति के लिए हमेशा खुला रहेगा

mango_meyar.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मानगो नगर निगम कार्यालय में नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया और निगम के कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। इससे पहले निगम के उप प्रशासक कृष्ण कुमार ने अगुवाई की और पुष्प गुच्छ देकर मेयर सुधा गुप्ता का स्वागत किया एवं उन्हें चैंबर तक लें गए। इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, बिजली एवं जन समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेयर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए मानगो को एक स्वच्छ, सुन्दर एवं व्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक व्यवस्थित एवं समयबद्ध प्रणाली विकसित की जायेगी, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। आगे कहा कि आज मानगो नगर निगम की मेयर के रूप में पदभार ग्रहण करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और जिम्मेदारी का क्षण है।

मैं मानगो की सम्मानित जनता का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और इस महत्वपूर्ण दायित्व के योग्य समझा। यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। मेरा स्पष्ट संकल्प है कि मानगो नगर निगम को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जन-केंद्रित नगर निगम के रूप में विकसित किया जाए। मैं सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करती हूं कि हम सभी मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करें। हमारी प्राथमिकता साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, बिजली और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना होगी। हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना हमारी पहली जिम्मेदारी होगी। हम एक ऐसी व्यवस्था विकसित करेंगे, जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक का समुचित उपयोग हो, ताकि लोगों को बिना भटकाव के सुविधाएं मिल सकें। मैं यह भी आश्वस्त करना चाहती  हूं कि नगर निगम का दरवाजा हर आम नागरिक के लिए हमेशा खुला रहेगा। आपकी समस्याएं हमारी प्राथमिकता हैं और उनके समाधान के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। इस दौरान निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और मेयर को आश्वस्त किया कि वे उनके नेतृत्व में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

Tags - mango nagar nigam mayor sudha gupta padbhar grahan municipal office officials meeting civic facilities safai peyjal sadak bijli public issues administration