logo

मानगो के डिप्टी मेयर बने राहुल कश्यप, काम नहीं आई बन्ना गुप्ता की रणनीति

MAANGO_D_M.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मानगो नगर निगम के डिप्टी मेयर चुनाव में 34 वार्ड पार्षदों के गुप्त मतदान के बाद वार्ड संख्या-5 से पार्षद राहुल कुमार कश्यम ने बाजी मार ली है। चुनाव के दौरान राहुल कुमार कश्यप को 34 में से कुल 19 पार्षदों ने अपना मत देकर डिप्टी मेयर के पद पर काबिज कर दिया। इस जीत के साथ ही राहुल कुमार कश्यप के समर्थकों में खुशी और जश्न का माहौल है। मानगो नगर निगम में मेयर और 34 वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद डिप्टी मेयर का चुनाव बेहद ही दिलचस्प हुआ। यहां तीन पार्षदों ने मानगो नगर निगम में डिप्टी मेयर के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने वालों में वार्ड-26 से पार्षद गुलाम मुस्तफा रजा उर्फ बबलू, वार्ड-4 से पार्षद मोमिता चटर्जी और वार्ड-5 से पार्षद राहुल कुमार कश्यप शामिल थे। परिणाम आने के बाद वार्ड-5 से पार्षद राहुल कुमार कश्यप ने 19 वोट लाकर बड़ी जीत हासिल की। जबकि वार्ड-26 से पार्षद गुलाम मुस्तफा रजा उर्फ बबलू को 09 वोट और वार्ड-4 से पार्षद मोमिता चटर्जी को मात्र 06 वोट ही मिले। वहीं राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता पहली बार मेयर बनी हैं। ऐसे में मानगो में डिप्टी मेयर को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज थी।

सूत्रों के अनुसार, मानगो नगर निगम में मेयर सुधा गुप्ता के पति पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता लगातार अपने करीबी को डिप्टी मेयर बनने के लिये समीकरण और रणनीति पर काम कर रहे थे। ताकि मेयर के रूप में सुधा गुप्ता के कामकाज में बेहतर तालमेल बना रहे और प्रशासनिक निर्णयों में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके तहत डिप्टी मेयर के चुनाव से पूर्व सोमवार को भी दिनभर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ लंबी मीटिंग की। यहां देर रात तक अपने करीबी के जीत को लेकर रणनीति बनाई गई। माना जा रहा था, की बन्ना गुप्ता के कई समर्थक इस चुनाव में वार्ड पार्षद के रूप में जीतकर आये हैं। ऐसे में उनके किसी करीबी का डिप्टी मेयर बनना तय है। लेकिन सामने आये परिणाम ने सभी को चौंका दिया।

Tags - mango municipal corporation deputy mayor election rahul kumar kashyap mango deputy mayor ward 5 councillor mango civic election jharkhand local politics deputy mayor result municipal corporation election india councillors voting mango election n