logo

युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर एक्स बॉयफ्रेंड के घर पर बम से किया हमला, मांडर की घटना

वदस2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र स्थित महुवा जाड़ी पंचायत के बोन्डो गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार देर रात एक युवती ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमी के घर पर चार देशी बम फिंकवा दिए। घटना में एक बम फट गया, जबकि तीन बम नहीं फटे। विस्फोट से घर की एस्बेस्टस शीट क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों जिंदा बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। मामले में पुलिस ने प्रेमिका और उसके वर्तमान प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।


रात में धमाके की आवाज, सुबह छत और गली में मिले बम
पीड़ित कुलदीप खलखो ने मांडर थाना में दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसे उन्होंने पहले ट्रांसफॉर्मर फटने की आवाज समझा। सुबह उठने पर घर की छत और गली में देशी बम पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली और खलारी डीएसपी आरएन चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।


प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
जांच के दौरान पुलिस ने कुरकुरा मंदरो निवासी सरिता कुजूर और इटकी थाना क्षेत्र के नारी गांव निवासी समीर करकेट्टा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा पाया गया है। खलारी डीएसपी आरएन चौधरी ने बताया कि "मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।" पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


 

Tags - Ranchi Mandar Crime Bomb Attack Jharkhand