हजारीबाग:
Hazaribagh News:झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। बनारस जा रहे यात्रियों से भरे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

शव का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे थे यात्री
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बिहारो और सलैया गांव के रहने वाले थे। सभी यात्री बनारस में एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चौपारण थाना क्षेत्र में रास्ते में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
बिहारो और सलैया गांव में पसरा मातम
हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गिरिडीह जिले के बिहारो और सलैया गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। एक साथ पांच लोगों की मौत से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।