द फॉलोअप, जामताड़ा:
जामताड़ा साइबर पुलिस ने फर्जी RTO ई-चालान का APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोड़ी गांव में की गई। मामले को लेकर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि पुलिस टीम ने सुंदरजोड़ी स्थित सोनू कुमार मंडल के घर पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को साइबर अपराध को अंजाम देते हुए पकड़ा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुंदरजोड़ी गांव निवासी गौतम कुमार मंडल, पिता- बलराम मंडल और सोनू कुमार मंडल, पिता- रंजीत मंडल के रूप में हुई है।

ई-वॉलेट के जरिए खाते से पैसे उड़ा लेते थे
पुलिस ने मौके से विभिन्न कंपनियों के 4 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह गिरोह लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर फर्जी RTO ई-चालान का APK फाइल/लिंक भेजता था। जैसे ही लोग ई-चालान समझकर इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करते थे, अपराधियों को उनके फोन का पूरा एक्सेस और गोपनीय वित्तीय जानकारियां मिल जाती थीं। इसके बाद वे ई-वॉलेट के जरिए खाते से पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर इसी तरह लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम देते आ रहे थे।
.jpeg)