logo

नशामुक्त रांची की मुहिम तेज, अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए गांव-गांव पहुंचेंगे जागरूकता वाहन

नशामुक्त रांची की मुहिम तेज, अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए गांव-गांव पहुंचेंगे जागरूकता वाहन

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Ranchi News: रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोकथाम (Effective prevention of illegal opium cultivation) लगाने एवं आमजनों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से जन जागरूकता अभियान (Public Awareness Campaign) की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डीसी मंजूनाथ भजंत्री (DC Manjunath Bhajantri) एवं एसएसपी राकेश रंजन (SSP Rakesh Ranjan) ने मोरहाबादी मैदान से संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहन (Awareness vehicle) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय नुकसान तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देगा। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए अफीम की खेती एवं इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी। जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजनों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना अथवा इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत दंडनीय अपराध है।

20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास एवं जुर्माने तक का प्रावधान

इसमें 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास एवं जुर्माने तक का प्रावधान हो सकता है। लोगों से अपील की जाएगी कि अधिक मुनाफा कमाने के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपनी जमीन लीज या पट्टे पर इस उद्देश्य से दें। साथ ही, अफीम की खेती से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस प्रशासन (Police Administration) को देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्तियों का नाम, पता एवं पहचान पूर्णतः गोपनीय रखे जाने की बात भी बताई जाएगी। अभियान के तहत लोगों को यह भी जानकारी दी जाएगी कि अफीम की खेती एवं कारोबार से जुड़े व्यक्तियों तथा इस मामले में पुलिस द्वारा आरोप पत्रित किए गए लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अफीम की खेती में प्रयुक्त उपकरणों को जब्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अफीम की खेती से अर्जित धन एवं परिसंपत्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अफीम की खेती, परिवहन एवं इसके दुरुपयोग की गतिविधियों में संलिप्त क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई (legal action) की जाएगी।

नशे की लत से विशेषकर युवा पीढ़ी प्रभावित

जन जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती के पर्यावरणीय दुष्प्रभावों (Environmental adverse effects) से भी अवगत कराया जाएगा। बताया जाएगा कि इससे भूमि की उर्वरता एवं उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है तथा तालाब, नदी एवं कुआं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है। इसके अलावा अफीम एवं इससे बने उत्पादों का सेवन मानव जीवन एवं स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से विशेषकर युवा पीढ़ी प्रभावित होती है, जिससे परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक असर (Negative impact) पड़ता है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाना, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में आमजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Tags - Ranchi NewsRanchi AdministrationIllegal Opium CultivationAnti Drug CampaignDrug Awareness CampaignDrug Free SocietyRanchi PolicePublic Awareness Drive