logo

जामताड़ा में साइबर अपराध पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2 मामलों में 10 शातिर गिरफ्तार

जामताड़ा में साइबर अपराध पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2 मामलों में 10 शातिर गिरफ्तार

द फॉलोअप, जामताड़ा:

Crime News: जामताड़ा साइबर थाना पुलिस (Jamtara Police) ने साइबर क्राइम (Cyber Crime) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार (Cyber Criminals Arrested) किया है। गिरफ्तार आरोपियों में साइबर ठगी (Cyber Fraud) करने वाले शातिर अपराधियों के साथ-साथ अपराधियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह के सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके का खुलासा हुआ है। इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह (SP Shambhu Kumar Singh) ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास और थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में साइबर अपराध थाना की विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियापहाड़ी गांव में पानी की टंकी के पीछे छापेमारी की। इस दौरान मौके से पांच साइबर अपराधियों को दबोचा गया।

समस्या हल करने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे

वहीं, दूसरे मामले में 23 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर विशेष टीम (Special Team) ने कार्रवाई करते हुए पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। साइबर थाना में दर्ज कांड संख्या 77/26 के तहत गिरफ्तार पांच आरोपियों में साजिद अंसारी, सागीर अंसारी, दिलावर अंसारी, कलीम अंसारी और इमरान अंसारी के रूप में हुई है। सभी आरोपी नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट प्लेटफॉर्म्स और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के नाम पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करता था। जब परेशान ग्राहक सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करते, तो आरोपी समस्या हल करने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद ग्राहकों के फोन पर संदिग्ध APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करवाया जाता था, जिसके माध्यम से बैंक खातों और अन्य गोपनीय जानकारियों (Confidential information) तक पहुंच बनाकर साइबर ठगी की जाती थी।

फर्जी कस्टमर केयर और अवैध सिम सप्लाई के नेटवर्क को बड़ा झटका

वहीं, साइबर थाना कांड में दर्ज कांड संख्या 76/26 के तहत जामताड़ा एवं मिहिजाम थाना क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें जामताड़ा जिले के ही रहने वाले संजय मंडल व राजू मंडल, दुनल मंडल, बीरज कुमार साव और रविसन मुर्मू शामिल हैं। जांच के अनुसार, ये आरोपी अपने नाम पर चार-पांच से अधिक सिम कार्ड निकलवाते थे और उन्हें दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराकर अपराध में सहयोग करते थे। इसके बदले इन्हें साइबर अपराधियों से मोटी रकम मिलती थी। पुलिस अब इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि सिम उपलब्ध कराने वाले इन आरोपियों को प्रत्येक सिम के एवज में अपराधियों द्वारा कितनी राशि दी जाती थी। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे फर्जी कस्टमर केयर और अवैध सिम सप्लाई के नेटवर्क (Illegal SIM supply networks) को बड़ा झटका लगा है।

Tags - Cyber CrimeJamtara PoliceCyber Criminals ArrestedJharkhand PoliceJamtara NewsCyber Crime NetworkCyber SecurityCrime News