द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के लाभुकों के सत्यापन के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन के आधार पर अब तक 4,068 लाभुकों से योजना के तहत प्राप्त राशि की शत-प्रतिशत वसूली की तैयारी की जा रही है। इन लाभुकों पर गलत जानकारी देने या तथ्य छिपाकर योजना का लाभ लेने का आरोप है।

जांच में हजारों लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए
जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान में अब तक 6,974 लाभुकों के नाम योजना की सूची से हटाए जा चुके हैं। इनमें मृत लाभुकों के मामले भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिन मामलों में पात्रता नहीं पाई गई है, वहां नियमानुसार राशि की वसूली के साथ आगे कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के कुल 3,07,071 पंजीकृत लाभुक हैं। इनमें से अब तक 2,89,019 लाभुकों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। जांच में लगभग 90 प्रतिशत लाभुक पात्र पाए गए हैं। हालांकि 11,078 लाभुकों का सत्यापन अभी शेष है। विभाग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद लाभुकों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सत्यापन के बाद शुरू होगा भुगतान, कार्रवाई होगी तेज
जांच के दौरान ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जहां लाभुकों के बैंक खातों में पिछले कुछ महीनों से योजना की राशि नहीं पहुंच रही है। लाभुकों का कहना है कि उन्हें सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान शुरू होने की जानकारी दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शेष सत्यापन पूरा होते ही अपात्र पाए गए लाभुकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और राशि वसूली की प्रक्रिया और तेज की जाएगी।