logo

मंईयां सम्मान यात्रा पहुंची लोहरदगा, मांडर एवं रातू; 50 लाख महिलाओं के खाते में भेजी गयी तीसरी किस्त

DIDI.jpg

लोहरदगा/ मांडर/ रातू 
मंगलवार को लोहरदगा, मांडर एवं रातू में मंईयां सम्मान यात्रा कार्यक्रम हुआ। लोहरदगा में कार्यक्रम स्थल से ही झारखंड की लगभग 50 लाख बेटियों, माताओं, बहनों एवं दीदियों के खाते में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की तीसरी किस्त की राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। मंत्री बेबी देवी ने बटन दबाकर लगभग 497 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में ट्रांसफर कीं। इस अवसर पर बेबी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन की सोच झारखंड की दीदियों, माताओं, बहनों को भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसलिए झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक मदद दी जा रही है। उन्हें मजबूती प्रदान की जा रही है।


कृषि मंत्री  दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यक्रम में आयीं हजारों महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से अब तक झारखंड की 50 लाख महिलाओं को जोड़ा गया है। नवरात्र के अवसर पर आज झारखंड की करीब 50 लाख माताओं, बहनों, बेटियों के खाते में तीसरी किस्त की राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की बात की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, यदि काम गिनाना करना शुरू करें, तो लिस्ट काफ़ी लंबी हो जाएगी। सरकार अबुआ आवास योजना के ज़रिये लाभुकों को पक्का मकान उपलब्ध करा रही है।

विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपका हौसला ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की असली पूंजी है। वह चाहते हैं कि झारखंड की आधी आबादी सशक्त बनें। मज़बूत रहें। मानसिक रूप से, शारीरिक रूप से भी और आर्थिक रूप से भी। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ राशि नहीं है, यह आधी आबादी का आत्मविश्वास है। झारखंड में पहली बार आपका बेटा, आपका दादा मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन ने आधी आबादी को वो सम्मान दिया है जिसकी वो हकदार थीं। उन्होंने कहा की महिला परिवार को, समाज को आगे बढ़ाने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि की तीसरी किस्त आपको नवरात्र के अवसर पर  दी जा रही है। इससे पहले पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर और दूसरी किस्त करम पूजा के अवसर पर दी गई थी। उन्होंने कहा कि हम जहां जा रहे हैं, हमें उत्साह, तरंग और उमंग नजर आ रहा है।

 
इस अवसर पर वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से लाभुकों से बात की गई। कोडरमा जिला की लाभुक बसंती देवी ने बताया कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से वह बहुत खुश हैं। झारखंड में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने हम महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बहुत बहुत आभार। उन्होंने कहा कि ये सम्मान पाकर वह बहुत ख़ुश हैं । माननीया विधायक  कल्पना सोरेन ने उनसे पूछा की इस राशि को कहाँ खर्च करेंगी, तो उन्होंने कहा कि वो अपने बच्चों पर खर्च करेंगी। तब कल्पना सोरेन ने कहा कि माँ की ममता ही ऐसी होती है कि वह अपने आप को बच्चों से पहले नहीं रखती। फिर भी उन्होंने उनसे अनुरोध किया कि आप इस राशि का कुछ अपने ऊपर भी ख़र्च करें। 

Tags - Maiya Samman Yatra Lohardaga Mandar  Ratu Jharkhand News News Jharkhand