logo

गढ़वा में विद्युत मेंटेनेंस के नाम पर हरे पेड़ों की कटाई, वन विभाग ने शुरू की जांच

van_g.png

गढ़वा

गढ़वा जिले के भंडरिया और बड़गड़ में विद्युत मेंटेनेंस के नाम पर बिजली विभाग ने दर्जनों हरे पेड़ को अत्याधुनिक मशीन से काट दिया। इस मामले को लेकर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी। दरअसल रमकंडा के विद्युत सब स्टेशन से भंडरिया और बड़गड़ सब स्टेशन तक 33 केवी विद्युत लाइन सप्लाई होता है। लेकिन पिछले कई वर्षों से मेंटेनेंस नहीं होने के कारण इस बार विद्युत विभाग ने रमकंडा से बड़गड़ तक 33 केवी विद्युत लाइन का मेंटेनेंस की योजना बनायी। इसके लिए बिजली तार के संपर्क में आने वाले झाडी और पेड़ की टहनियों की सफाई की जानी थी। लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पेड़ की टहनियों को हटाने की बजाय सीधे हरे पेड़ को मशीन के जरिये जड़ से ही काट दिया गया। पिछले एक सप्ताह से मेंटेनेंस के नाम पर सैकड़ों पेड़ों की कटाई होती रही। वनकर्मियों के अनुसार वन विभाग ने इसे रोकने के लिये मेंटेनेंस कार्य की निगरानी के लिए एक वाचर को नियुक्त किया।

वन अधिनियम के तहत कार्रवाई

वाचर की नियुक्ति होते ही मेंटेनेंस कर्मियों ने काम बंद कर दिया। फिर अचानक कार्य शुरू कर पेड़ों की कटाई कर दी गयी। इधर, मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने इसकी जांच शुरू कर दी। भंडरिया वन क्षेत्र के वनपाल कमलेश कुमार, तुसार कुमार सहित अन्य वन कर्मियों ने काटे गये पेड़ों की गिनती, मापी और उसकी जप्ती की कारवाई शुरू कर दी है। बताया गया की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस मामले पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। इस मामले पर गढ़वा दक्षिणी वन क्षेत्र के वन प्रमंडल पदाधिकारी एबिन बेनी अब्राहम ने कहा की मामला संज्ञान में आने के बाद इसकी जांच करायी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी फिलहाल प्रथम दृष्टि में जो इसमें शामिल हैं सभी पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। वहीं काटे गये पेड़ों की जप्ती की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में विभाग, कांट्रेक्टर सहित नामजद पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गयी है।

Tags - electricity maintenance tree cutting forest damage environmental issue maintenance negligence