logo

स्कूटी को रौंद गया बेकाबू ट्रक, शादी समारोह में जा रहे 3 सगे भाई-बहनों मौत; कोहराम

WhatsApp_Image_2026-06-21_at_11_30_33_AM.jpeg

लोहरदगा
सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। भाई-बहन तेली धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया और तीनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद मुआवजे को लेकर स्थानीय लोगों ने देर रात 2 बजे तक सड़क को जाम कर दिया।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, मामला लोहरदगा के मिशन चौक का शुक्रवार देर रात का है। बरवाटोली के रहने वाले तीनों भाई-बहन एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान रोहित और उसकी दो बहनें, सपना और सृष्टि भी साथ थीं। शादी में पहुंचने से पहले तीनों स्कूटी से फूल लेने के लिए गए थे। इस दौरान कृषि मार्केट के पास तेली धर्मशाला जाने के क्रम में एक ट्रक ने उनको रौंद दिया।
दो बहनों ने मौके पर ही तोड़ा दम
ये जब तेली धर्मशाला जा रहे थे, तभी तीनों भाई-बहन स्कूटी से मिशन चौक के पास पहुंचे और सेन्हा की तरफ से आ रहे बॉक्साइट लदे एक ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सपना और सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। रोहित को घायल अवस्था में इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया।
सड़क जाम कर मुआवजे की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। परिजनों ने ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी के साथ ही शहर में बॉक्साइट ट्रकों के परिचालन पर नियंत्रण की भी मांग की है। सड़क जाम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव के साथ ही वार्ड पार्षद कुमार अभिषेक और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय पंकज के साथ कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस टीम, सीओ  और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचकर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और फरार हुए ट्रक चालक की तलाश भी शुरू कर दी।


 

Tags - Lohardaga News Road Accident Jharkhand News Truck Accident Siblings Death