logo

त्योहार के दौरान अंजुमन प्लाजा मार्केट में लटका ताला, जानें क्या है कारण

01014.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी में ईद के बाजार की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। लोग अपर बाजार व रांची के मेन रोड स्थित दुकानों व मार्केट में खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। इस बीच मेन रोड में जहां सबसे ज्यादा लोगों की भीड़ ईद की खरीदारी के दौरान होती है वहां के मार्केट में लगा ताला लोगों को चौंका रहा है। दरअसल मेन रोड स्थित अंजुमन प्लाजा मार्केट के ग्राउंड फ्लोर गेट यानि मुख्य गेट पर सोमवार को ताला लगा दिया गया है। दरअसल ग्राउंड फ्लोर के दुकानदरों पर कई वर्षों से किराया बाकी है। जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा था इसको लेकर अंजुमन इस्लामिया रांची की ओर से मार्केट के ग्राउंड फ्लोर गेट पर ताला लगा दिया गया। अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों की मानें तो 25 लाख से अधिक किराया इन दुकानदारों पर बाकी है। दो दिन पहले भी सार्वजनिक सूचना दी गई थी इसके बावजूद दुकानदारों ने किराया जमा नहीं किया। ऐसे में किराया वसूली के लिए अंजुमन इस्लामिया रांची की कमेटी ने यह कदम उठाया है।

अपनी दुकानों को किराया में देकर कर रहे कमाई
अंजुमन प्लाजा मार्केट में कई दुकानदार ऐसे हैं जिन्होंने अंजुमन इस्लामिया रांची से दुकान किराया पर लिया और उसे दूसरे को किराया पर दे दिया। वैसे दुकानदारों को महज 1000-1500 रुपए अंजुमन इस्लामिया रांची को किराया देना होता है। जबकि, दुकानदार अपनी दुकान को किराया पर देकर महीना 15000-20000 रुपए वसूल रहे हैं। इसके बावजूद ऐसे दुकानदारों पर लाखों रुपए का किराया बकाया है। मालूम हो कि यह मार्केट अंजुमन इस्लामिया रांची की संपत्ति है। हालांकि, त्योहार के दौरान अंजुमन इस्लामिया के इस कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया।  

30 प्रतिशत किराया तत्काल करना होगा भुगतान
अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होता है, तब तक अंजुमन प्लाजा मार्केट को बंद रखा जाएगा। हालांकि, दुकानदारों को राहत देते हुए अंजुमन इस्लामिया ने कहा कि कम से कम तीस प्रतिशत राशि तत्काल जमा करनी होगी। बताते चलें कि कई दुकानदारों के पास तीन लाख रुपए से अधिक बकाया बताया जा रहा है। हालांकि, अंजुमन इस्लामिया रांची कमेटी के कड़े फैसले से कई दुकानदारों ने बकाया देने की पहल की है। इस सबंध में अंजुमन के आमला (कार्यकारिणी सदस्य) मो. शाहिद ने बताया कि कई दुकानदार किराया का 30 प्रतिशत राशि देने के लिए तैयार हो गए हैं। जो लोग राशि जमा कर देंगे उनको दुकान खोलने की इजाजत दी जाएगी। वहीं, जो दुकानदार किराया नहीं देंगे उनकी दुकानों को बंद रखा जाएगा।  

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT