logo

उत्पाद सिपाही : लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी, 1 से 14 जुलाई तक मेडिकल जांच

jssc23.jpg

द फॉलोअप, रांची

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सीय जांच (मेडिकल टेस्ट) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहली सूची में लगभग 1300 सफल अभ्यर्थियों के नाम हैं, जिनका मेडिकल होगा। आयोग की ओर से जारी सूचना में मेडिकल जांच का आयोजन 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक (रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश छोड़कर) प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सदर अस्पताल, रांची के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को राज्य के आठ जिलों में हुआ था। इससे पहले शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया गया था। उत्पाद सिपाही के कुल 583 पदों के लिए जेएसएससी ने प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों में रिक्तियों के तीन गुना तक उम्मीदवारों को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है। चिकित्सीय परीक्षण झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली-2014 के प्रावधानों के अनुरूप चयन पर्षद द्वारा कराया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी को मेडिकल जांच के निर्णय पर आपत्ति होगी तो उसकी अपील एपेक्स मेडिकल बोर्ड के समक्ष सुनी जाएगी और उसका निर्णय अंतिम होगा।

जेएसएससी ने यह भी कहा है कि मेडिकल जांच के बाद अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कर अंतिम परीक्षा परिणाम प्रकाशित किया जाएगा। जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर मेडिकल जांच में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम अवसर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।

Tags - Jharkhand Excise Constable JSSC Exam Results Medical Examination