पाकुड़
गोविंदपुर-साहेबगंज सड़क से प्रभावित परिवारों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री के आप्त सचिव कपिल कुमार ने इस संबंध में गोविंदपुर-साहेबगंज पथ चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित परिवार को समुचित मुआवजा दिलाने के लिए पाकुड़ उपायुक्त को पत्र भेजा है। मंत्री कार्यालय की ओर से जारी इस पत्र में जिला प्रशासन से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा अंचल के छोटापहाड़पुर गांव निवासी गणेश मंडल ने मंत्री को आवेदन देकर अपने मकान के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की थी। आवेदन में कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के कारण उनका घर और संपत्ति प्रभावित हो रही है, जिससे परिवार के सामने परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

क्या है पूरा मामला
मंत्री कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि गणेश मंडल का मकान मौजा छोटापहाड़पुर संख्या-13, जमाबंदी संख्या-13 एवं दाग संख्या-372 में स्थित है। आवेदन में संबंधित संपत्ति के लिए समुचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कपिल कुमार ने पाकुड़ उपायुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि आवेदन में उल्लेखित तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।

प्रभावित परिवारों की बढ़ी उम्मीदें
मंत्री कार्यालय से पत्र जारी होने के बाद अब जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच और मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण जैसी विकास योजनाओं में प्रभावित परिवारों को समय पर उचित मुआवजा और पुनर्वास मिलना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार परियोजनाओं के कारण लोगों की जमीन और मकान प्रभावित हो जाते हैं, लेकिन मुआवजा प्रक्रिया में देरी से लोगों को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मंत्री कार्यालय की पहल से प्रभावित परिवारों में उम्मीद जगी है।
