रांची
राज्य का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरे झारखंड में 12 नवंबर 2026 तक होम-टू-रोल विजिट अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के पहले दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड पहुंचे और विभिन्न मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले घरों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण की स्थिति का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, चंदवा (मतदान केंद्र संख्या-328) एवं प्राथमिक विद्यालय, जमीरा (मतदान केंद्र संख्या-347) के अंतर्गत आने वाले कुल 12 घरों का भौतिक सत्यापन किया। व्यवस्थित यादृच्छिक नमूना चयन प्रणाली (Systematic Random Sample Selection System) के तहत दोनों मतदान केंद्रों के छह-छह घरों का चयन कर वहां रहने वाले परिवारों के पात्र सदस्यों के मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली गई।

पंजीकरण कराने के लिए अब तक फॉर्म-6 भी जमा नहीं किया गया था
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-328 के क्षेत्र में रहने वाले दो परिवारों की पात्र महिला सदस्यों, जिनकी आयु क्रमशः 28 वर्ष एवं लगभग 30 वर्ष थी, का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं पाया गया। वहीं, मतदान केंद्र संख्या-347 के अंतर्गत 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के तीन पात्र भारतीय नागरिक भी ऐसे मिले, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ था। इन सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए अब तक फॉर्म-6 भी जमा नहीं किया गया था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि होम-टू-रोल विजिट अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करना है कि परिवार का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ को घर-घर जाकर अनिवार्य रूप से सत्यापन करना है तथा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे सभी पात्र नागरिकों की पहचान कर फॉर्म-6 के माध्यम से उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

मतदाता को सूची से जोड़ना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा
उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विशेषकर युवाओं के पंजीकरण पर ध्यान देते हुए प्रत्येक घर का सत्यापन किया जाना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक छूटने न पाए एवं कोई भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न जुड़े। उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान करें और उनका फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा चंदन प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदवा सुमित झा सहित संबंधित बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।
