गिरिडीह:
CCL गिरिडीह एरिया में मंगलवार सुबह भू-धंसान हुआ। इसकी जद में CCL का लंकास्टर अस्पताल आया है। घटना में अस्पताल के 2 भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों भवनों का काफी हिस्सा धंस गया और सड़क के अलावा अस्पताल परिसर के बड़े भूभाग में लंबी-चौड़ी दरार आ गई है। घटना की जानकारी पर CCL गिरिडीह एरिया कन्हैया शंकर गैवाल, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा, चिकित्सक पदाधिकारी परिमल सिन्हा, सिविल विभाग के रामाकांत समेत अन्य लोग पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली।
कर्मी दिलीप कुमार ने अधिकारियों को सूचित किया
घटना को लेकर अस्पताल के कर्मी दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार की रात्रि पाली में ड्यूटी में थे। सुबह 4 बजे के आसपास जब वे अन्य कर्मियों के साथ बाहर निकले तो देखा कि जमीन के साथ भवन में धंसान हो रहा है। तुरंत ही सभी कर्मियों को बाहर निकाला और फिर सूचना अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि यह पूरा अस्पताल खतरे के जद में हैं। इधर GM, PO ने पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। जीएम ने अधिकारियों को एहतियातन कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस इलाके में किसी की एंट्री नहीं हो इसे सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। इसे लेकर सीसीएल गार्ड और होम गार्ड की तैनाती कर दी गई है।
गौरतलब हो कि इस इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का काम होता रहा है। दशकों से अवैध तरीके से कोयला का खनन किया जाता रहा है। यही कारण है कि यहां की जमीन खोखली हो गई है और धंसान हो रहा है।