द फॉलोअप डेस्कः
छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में पलामू के वीर जवान महिमा शुक्ला शहीद हो गए हैं। 11 फरवरी को दंतेवाड़ा में आईईडी विस्फोट में महिमा शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हवलदार के पद पर तैनात थे। महिमा शुक्ला नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे, जहां आईईडी विस्फोट में उनके दोनों पैर उड़ गए थे। उन्हें इलाज के लिए रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिमा शुक्ला पलामू के लेस्लीगंज के रहने वाले थे। उनकी शहादत पर पूरे देश को गर्व है।
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
रायपुर से महिमा शुक्ला का पार्थिव शरीर पलामू के लिए रवाना कर दिया गया है। राजकीय सम्मान के साथ महिमा शुक्ला का पलामू में अंतिम संस्कार किया जाएगा। महिमा शुक्ला लंबे वक्त से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान में तैनात थे। वह 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। लेस्लीगंज के थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने बताया कि इलाज के क्रम में महिमा शुक्ला का निधन हो गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की देर शाम महिमा शुक्ला का पार्थिव शरीर पलामू पहुंचेगा. राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।