द फॉलोअप डेस्कः
लोकसभा चुनाव के बाद झारखंड सरकार रोजगार देने की ओर कदम उठा रही है। श्रम विभाग अंतर्गत नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय जल्द ही राज्य के 3000 से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार देने की तैयारी में है। इसके लिए विभाग द्वारा रांची और गढ़वा जिले के रोजगार मेला लगाया जाएगा। मेले में बेरोजगार युवाओं का चयन आईटी सेक्टर से लेकर प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाएगा।

रोजगार मेले का आयोजन रांची में 29 जून और गढ़वा में 4 जुलाई को आयोजित होगा। रांची में होने जा रहे रोजगार मेले में विभाग द्वारा 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार देने की तैयारी है। आईटी सेक्टर के बेरोजगार युवक-युवतियों को भी रोजगार देने की तैयारी है। आईटी सेक्टर में सैलरी 26,000 से 53,000 रुपए तक रखा गया है। आईटीआई में ट्रेनिंग के लिए बेरोजगारों को सबसे अधिक 500 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।

गढ़वा नियोजनालय में लगने वाले रोजगार मेले में करीब 1500 के करीब बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। यहां भी आईटीआई और डिप्लोमाधारी बेरोजगारों को सबसे अधिक 400 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। योग्य बेरोजगारों को नियोजनालय में अपना रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में राज्य के अधिकांश निजी क्षेत्र के नियोजक भाग लेंगे। रिक्त पदों पर राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021 लागू होगा।