द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटी के मेघातरी में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में गिट्टी लदी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिट्टी लदे ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार चालक व खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और हादसे का भयावह मंजर देखकर सन्न रह गए।

हादसे में दो चचेरे भाइयों की गई जान
मृतकों की पहचान बिहार के नवादा जिले के रहने वाले 43 वर्षीय साधु यादव और 24 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे और ट्रक पर चालक व उपचालक के रूप में कार्यरत थे। घटनास्थल के समीप होटल संचालक अमरदीप गिरी ने बताया कि वे होटल में काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक सामने खड़ी वर्क ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक ट्रक के केबिन में फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया।

ब्रेक फेल होने की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंच गए। इधर, कोडरमा घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी में अधूरा फोरलेन निर्माण, घुमावदार सड़कें और तीखे ढलान के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन एनएचएआई और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।