द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे दो ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आगे चल रहे ट्रेलर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। शरीर का एक हिस्सा पीछे से टकराने वाले ट्रेलर के केबिन में फंसकर आगे की ओर गिर गया, जबकि दूसरा हिस्सा उसी ट्रेलर के केबिन में रह गया। वहीं, दूसरे ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति भी केबिन में काफी देर तक फंसा रहा। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर सड़क किनारे जाकर रुक गए।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा होते हुए बिहार जा रहे थे। दोनों ट्रेलर कोडरमा घाटी में एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। मेघातरी के पास ढलान वाली सड़क पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने ट्रेलर को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह आगे चल रहे ट्रेलर के केबिन से जा टकराया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदारों और गहरी नींद में सो रहे लोगों की नींद खुल गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस की मदद की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला। मृतक और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायल का इलाज जारी है। फिलहाल मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह बताई जा रही है।