खेत में उतरे विधायक राजेश कच्छप, धान रोपनी की तैयारी में किया श्रम
रांची/खिजरी
खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने सोमवार को अपने पैतृक खेत में धान रोपनी की तैयारी के तहत धान की बिचड़ी (पौध) खेत तक पहुंचाने और कृषि कार्य में स्वयं श्रम किया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी उनकी जड़ों से जुड़ी पहचान है और अवसर मिलने पर वे अपने परिवार एवं ग्रामीणों के साथ खेत में कृषि कार्य में भाग लेते हैं।
'खेत और किसान से हमारा रिश्ता जीवन का है'
राजेश कच्छप ने कहा, "किसान का श्रम ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। खेत और किसान से हमारा रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति का रिश्ता है। अपने खेत में काम करना मेरे लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है।"
आधुनिक तकनीक के साथ परंपरागत खेती पर भी दिया जोर
उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ पारंपरिक खेती की विरासत को भी सहेजकर रखने की अपील की। साथ ही सभी किसानों के लिए अच्छी बारिश, बेहतर फसल और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक कृषि कार्य में भाग लिया और सामूहिक श्रम की परंपरा को आगे बढ़ाया।