द फॉलोअप डेस्कः
खलारी थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की है। जिले के खलारी थाना क्षेत्र के एनके एरिया स्थित सीआईएसएफ कैंप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सीआईएसएफ यूनिट डकरा खलारी के एनके एरिया में तैनात जवान विकेश सिंह वर्मा (38) ने डकरा कैंप में अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार के दिन के 11 बजे की है। सीआईएसएफ जवान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का निवासी था और सोमवार को ही छुट्टी से डकरा लौटा था।

दरवाजा तोड़कर शव निकाला गया
बताया जाता है कि विकेश सिंह वर्मा कैंप के वॉच टावर पर तैनात एक जवान के साथ मौजूद था। जैसे ही वॉच टावर पर तैनात जवान शौच के लिए बाहर से निकला विकेश ने दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने साथी जवान की इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद वॉच टावर का दरवाजा तोड़कर शव निकाला गया। विकेश शादीशुदा था और उसका दो साल का एक बेटा भी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीआईएसएफ के जवान विकेश सिंह वर्मा ने इंसास राइफल से बॉक्स फायर किया था। इसमें लगभग तीन गोली सिर के आरपार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

तीन दिनों की छुट्टी पर था
छुट्टी से लौटने के बाद जवान कैंप में तीन दिनों की छुट्टी पर था। बुधवार को कैंप के वॉच टावर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनने के बाद अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे जवानों ने देखा तो वहां पर जवान विकास सिंह वर्मा खून से लथपथ पड़ा मिला। जवान की आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पिपरवार दौरे पर आए सीआईएसएफ के डीआईजी डीपी परिहार डकरा कैंप पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली।

जांच जारी है
घटना की सूचना खलारी पुलिस को दी गई। इसके बाद खलारी पुलिस टीम कैंप पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। सीआईएसएफ जवान ने आत्महत्या क्यों की इसको लेकर जांच अभी तक जारी है। सीआईएसएफ द्वारा इस घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। सीआईएसएफ कैंप में जवान द्वारा खुदकुशी करने की यह पहली घटना है।