logo

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ केशव महतो कमलेश ने किया संवाद, कहा- संगठन का मेरुदंड है बूथ कमिटी 

mt295.jpg

रांची
"संवाद आपके साथ" कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने लोहरदगा और गुमला जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज आपको यह संकल्प लेना है कि आप दल में सारी गुटबाजी को परे रखकर आगामी चुनाव की तैयारी करेंगे। आपको किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि कांग्रेस का सिपाही बनकर चुनावी रण में उतरना है। भावी पीढ़ी को कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों को जानने की जरूरत है। कांग्रेस समाज को जोड़ने की राजनीति करती है तोड़ने की नहीं। हम उस कांग्रेस के सदस्य हैं जिसका इतिहास शहादतों से भरा पड़ा है, इस गौरवशाली इतिहास को बनाए रखना हमारा कर्तव्य है।

कहा कि जिस तरह से खून-पसीने से सींचकर लोहरदगा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत बनाया गया है उसी मेहनत के साथ संगठन हित में काम करना है। जब तक हम पंचायत, प्रखंड और बूथ अध्यक्षों को सम्मान नहीं देंगे, हमारा संगठन मजबूत नहीं हो पाएगा। बूथ कमिटी संगठन का मेरुदंड है। कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन की नीतियों और सिद्धांतों के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के पास लेकर जाना है। सरकार की योजनाओं से सक्रियता के साथ आम जनता को जोड़ने का काम करें ताकि जनता को इसका फायदा मिल सके। गठबंधन की हमारी सरकार सभी वर्गों के हितों के लिए काम कर रही है, सरकार के अनेक उपलब्धियां है जिसे लोगों को बताया जा सकता है। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल नेता डॉक्टर रामेश्वर उरांव ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। पार्टी में भी सभी वर्गों की भागीदारी होनी चाहिए। राहुल गांधी की सोच के अनुसार "जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी" होनी चाहिए,यह उन्होंने कर दिखाया है।  इससे संदेश जाता है कि कांग्रेस सिर्फ कहती नहीं करती भी है।

कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग से आने वाले केशव महतो जैसे कार्यकर्ता को झारखंड कांग्रेस की कमान सौंप कर उन्होंने सामाजिक भागीदारी के न्याय की आवाज को बुलंद किया। लोहरदगा क्षेत्र में महागठबंधन की सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों से परिस्थितियों बदल गई है, विरोधी दलों को विकास के मामले में कुछ कहते नहीं बन रहा है क्योंकि जनता जानती है कि कुछ वर्षों से योजनाओं के क्रियान्वयन से तस्वीर बदली है क्षेत्र का उत्तरोत्तर विकास जारी है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू, राजेश कच्छप, धीरज प्रसाद साहू, राजीव रंजन प्रसाद, सतीश पॉल मुंजनी, मदन मोहन शर्मा, मानस सिन्हा, रमा खलखो, डॉ अजय शाहदेव, भानु प्रताप बड़ाईक, संजय, सुखेर भगत सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।


 

Tags - Keshav Mahato Kamlesh Booth committee backbone organization Jharkhand News