logo

गुमला में कस्तूरबा स्कूल की 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, जांच के लिए टीम गठित

दगस.jpg

गुमला
गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की कक्षा 10वीं की एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा डीएसपी और एसडीओ ने भी घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली। उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। घटना के बाद विद्यालय की छात्राओं में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृत छात्रा पढ़ाई में काफी प्रतिभाशाली थी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

पीटी के लिए नहीं गई थी
विद्यालय की वार्डन दिव्या टोप्पो ने बताया कि प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह छात्रावास की सभी छात्राएं पीटी के लिए मैदान में गई थीं। प्रियंका ने पेट दर्द की शिकायत करते हुए पीटी में जाने से मना कर दिया और अपने कमरे में ही रुक गई। पीटी के दौरान जब उपस्थिति ली गई तो प्रियंका के अनुपस्थित रहने पर कुछ छात्राओं को उसे बुलाने भेजा गया। छात्राओं ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई तो अंदर से प्रियंका ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह पीटी में नहीं आएगी। पीटी समाप्त होने के बाद जब छात्राएं वापस अपने कमरे में लौटीं तो प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छात्राओं ने शोर मचाया,जिस पर विद्यालय कर्मी पहुंचे।दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो प्रियंका दुपट्टे के सहारे फंदे से झूलती हुई मिली। 


परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप
आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना तत्काल भरनो थाना पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक पूछताछ की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इधर घटना की सूचना मिलते ही मृत छात्रा के परिजन भी विद्यालय पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी शांत स्वभाव और मिलनसार थी। केवल पेट दर्द की वजह से वह इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की।

Tags - Gumla Jharkhand Education School Investigation