द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद के मधुबन थाना क्षेत्र के बाबूडीह के पास खरखरी जंगल में हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी में हुई खूनी संघर्ष का मुख्य आरोपी कारू यादव गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने कारू यादव को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। कारू यादव जमुई में अपने रिश्तेदार के घर जाकर छुपा हुआ था। बता दें कि कारू यादव को पुलिस पिछले कई दिनों से ढ़ूंढ रही थी। बुधवार को पुलिस ने कारू यादव के भाई वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था। जो इस मामले का आरोपी है। पुलिस ने इस मामले में अबतक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 10 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

गौरतलब है कि 9 जनवरी को हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी की बाउंड्री निर्माण के दौरान गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और जेएमएम नेता कारू यादव के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में बाघमारा एसडीपीओ पुरूषोत्तम कुमार सिंह को चोट लगी थी। जिनका इलाज दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में चल रहा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घायल एसडीपीओ के पिता से भी फोन पर बात की थी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ पुरूषोत्तम कुमार सिंह के उचित इलाज का भरोसा दिलाया था।