द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रपति जन संस्कृति समागम समारोह के अंतर्गत आयोजित कार्तिक जतारा कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदुस्तान स्काउट और गाइड झारखंड की भूमिका बेहद सराहनीय रही। कार्यक्रम के दौरान स्काउट–गाइड के स्वयंसेवकों ने अनुशासन, सेवा-भाव और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय देते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिंदुस्तान स्काउट और गाइड के राज्य सचिव राजेश रंजन के मार्गदर्शन और सहयोग में जिला संगठन आयुक्त, गढ़वा अमित कुमार झा ने सौंपे गए सभी दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण, पंक्ति व्यवस्था, स्वच्छता और आगंतुकों के मार्गदर्शन जैसे कार्यों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया।

स्काउट–गाइड की सक्रियता के कारण कार्यक्रम में अनुशासन बना रहा और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों को समय पर सही दिशा-निर्देश मिलते रहे, जिससे कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सका।
इस अवसर पर राज्य प्रशिक्षक देवादित्य मिश्रा, जिला संगठन आयुक्त अजीत कुमार सिंह (गुमला), राज्य प्रशिक्षक एस. के. मिश्रा, रंजिता कुमारी, लक्ष्मी कुमार भगत (पाकुड़), क्षेत्रीय प्रशिक्षण आयुक्त मनोज तिवारी, श्रुति मिश्रा, चंदन गुप्ता, देवघर जिला संगठन आयुक्त (गिरिडीह एवं देवघर) सहित हिंदुस्तान स्काउट और गाइड के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद आयोजकों और प्रशासन ने हिंदुस्तान स्काउट–गाइड झारखंड की टीम की सराहना करते हुए उनके योगदान को अनुकरणीय बताया।
