सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर-रापचा स्थित फुटबॉल मैदान के समीप उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन के अंदर दबे दो युवकों के शव बरामद किए गए। दोनों शव वन विभाग के समीप से मिले हैं। मृतकों की पहचान कांड्रा क्षेत्र के राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक 20 अगस्त से लापता थे। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताते हुए कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के आसपास तलाशी अभियान चलाया।

क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल
खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे मोबाइल चोरी का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या के कारण, मोबाइल चोरी से संभावित संबंध तथा घटना में अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले को लेकर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। दो युवकों के शव जमीन के अंदर से मिलने की घटना के बाद कांड्रा क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
.jpeg)