logo

के रवि कुमार और कर्ण सत्यार्थी जाएंगे रोमानिया, चुनाव प्रणाली का अध्ययन करेंगे

6667.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड सरकार ने राज्य के दो आईएएस अधिकारी को चुनावी व्यवस्था के अध्ययन के लिए बुखारेस्ट, रोमानिया भेजने की मंजूरी दी है। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड सरकार के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को रोमानिया की चुनाव कार्य प्रणाली का अध्ययन करने, चुनावी कार्यों में तकनीक के उपयोग को समझने तथा संस्थागत ज्ञान के आदान-प्रदान के उद्देश्य से आधिकारिक विदेश यात्रा की स्वीकृति दी गई है। रोमानिया जाने वालों में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार और वित्त विभाग के अपर सचिव कर्ण सत्यार्थी शामिल हैं।

आदेश के मुताबिक यह यात्रा 4 जुलाई 2026 से 11 जुलाई 2026 तक होगी। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि यात्रा, आवास और भोजन का पूरा खर्च झारखंड सरकार का वित्त विभाग वहन करेगा। वहीं दैनिक भत्ते (Daily Allowance) का भुगतान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। आदेश की प्रतिलिपि प्रधान महालेखाकार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

Tags - Jharkhand election management IAS K. ​​Ravi Kumar Karan Satyarthi Romania Bucharest Election Commission