जमशेदपुर (जुगसलाई)
जुगसलाई पुलिस ने कुख्यात अपराधी मनीष सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य, गोलमुरी निवासी शेंकी गोहील को गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने शेंकी गोहील के पास से तीन मोबाइल फोन, दो एकरारनामा, एक महिंद्रा थार गाड़ी और 15 हस्ताक्षर युक्त ब्लैंक चेक बरामद किया हैं। इस संबंध में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 5 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि घाघीडीह जेल में बंद अपराधी मनीष सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर शहर में अवैध वसूली करने और किसी की हत्या की योजना बना रहा है।
गिरोह के फाइनेंस संभालने वाला शेंकी गोहील गिरफ्तार
सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलमुरी थाना क्षेत्र के न्यू डीएस फ्लैट निवासी 35 वर्षीय शेंकी गोहील को गिरफ्तार कर लिया। सिटी एसपी के अनुसार, शेंकी ने स्वीकार किया है कि वह मनीष सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य है और गैंग के आपराधिक कार्यों में सहयोग करता है। वह अपराध से अर्जित पैसों का हिसाब-किताब भी रखता था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही गैंग सरगना मनीष सिंह समेत दीपक सिंह और रौशन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी शेंकी गोहील पर पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं।