logo

JTET की गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने मंत्री योगेंद्र महतो को सौंपा ज्ञापन

JTET की गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने मंत्री योगेंद्र महतो को सौंपा ज्ञापन

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
JTET-2026 परीक्षा में सामने आई विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों के निराकरण की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो से मुलाकात की। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने इन गड़बड़ियों के कारण परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका जताते हुए मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।


OMR शीट में बुकलेट सीरीज की गड़बड़ी का उठाया मुद्दा
ज्ञापन में मुख्य रूप से JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) से संबंधित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में हुई विभिन्न त्रुटियों की ओर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि इन तकनीकी और प्रशासनिक खामियों के कारण किसी भी परीक्षार्थी का मूल्यांकन या परीक्षा परिणाम प्रभावित नहीं होना चाहिए। सभी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।


हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित रखने की मांग
अभ्यर्थियों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन त्रुटियों के समाधान के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए, ताकि हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि मंत्री के स्तर से भी मामले में सकारात्मक पहल होगी। संघ ने स्पष्ट कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए और किसी भी परीक्षार्थी का भविष्य विभागीय या तकनीकी लापरवाही के कारण प्रभावित नहीं होना चाहिए।

Tags - JTET 2026 Yogendra Mahato Jharkhand Education Teacher Recruitment Candidates Protest