logo

नगरपालिका परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर JSSU निकालेगा 'न्याय यात्रा', ये है मांग

a193.jpeg

रांची:

झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित नगर पालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कथित गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन सामने आया है। जेएसएसयू नेता देवेंद्र कुमार महतो ने जानकारी दी है कि जेएसएससी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर उनका संगठन 3 नवंबर को न्याय यात्रा निकालेगा। यह न्याय यात्रा रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर राजभवन में खत्म होगी। 

संत पॉल कॉलेज में गड़बड़ियों की शिकायत मिली
29 अक्टूबर को नगरपालिका सेवा संवर्ग प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान तीसरी पाली में रांची के संत पॉल कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों द्वारा गड़बड़ी की शिकायतों के बाद कॉलेज के प्रिंसिपल अनज कुमार तिग्गा ने जेएसएससी को चिट्ठी लिख, क्वेश्चन बुकलेट नंबर में गड़बड़ी और क्वेश्न पेपर का सील टूटा होने के बाबत जानकारी दी थी। इसी चिट्ठी का हवाला देकर देवेंद्र कुमार महतो ने कहा कि संत पॉल कॉलेज के प्रिंसिपल ने भी गड़बड़ियों की बात मानी है। उन्होंने कहा कि धनबाद के एक परीक्षा केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत करने पर अभ्यर्थियों को बंधक बनाया गया।

जेएसएससी ने मामले में दिया जांच का भरोसा 
यह भी जानकारी मिली है कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन ने राज्य के डीजीपी और कर्मचारी चयन आयोग को भी  लिखित आवेदन देने का फैसला किया है। अभ्यर्थियों मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। बता दें कि जेएसएससी ने प्रश्न पत्र लीक होने की संभावनाओं से इनकार करते हुए गड़बड़ियों की शिकायत पर जांच का भरोसा दिया है। जेएसएससी ने कहा कि मामले में नियमानुसार जांच होगी और दोषी पाए जाने पर विधि-सम्मत कार्रवाई भी की जाएगी। 

नगरपालिका सेवा संवर्ग में 921 पदों पर बहाली की वेकैंसी
गौरतलब है कि झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित नगरपालिका सेवा संवर्ग प्रतियोगिता परीक्षा के तहत 921 पदों पर वेकैंसी निकाली गई है। इसमें राजस्व निरीक्षक के 184 पदों पर भर्ती होने वाली है। इसी परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिली है।