logo

CGL के बाद अब PGT पर सवाल! TDPL की परीक्षा, हजारीबाग के 2 नाम और CID की जांच का इंतजार

SUNIL1.jpg

सितेश तिवारी, हजारीबाग
JSSC-CGL विवाद के बाद अब JSSC PGT परीक्षा को लेकर भी सवाल तेज होते जा रहे हैं। जिस TDPL एजेंसी के जरिए PGT परीक्षा आयोजित कराई गई, उसी एजेंसी को लेकर उठे सवालों के बीच अब अभ्यर्थियों की नजर जांच की दिशा पर टिकी है। हजारीबाग से इस मामले में सुनील कुमार शर्मा का नाम चर्चा में है। बताया जा रहा है कि वे दारू प्रखंड के दिगवार स्कूल में कार्यरत हैं और हजारीबाग के कोर्रा चौक में कॉमर्स पढ़ाते रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वे 4 तारीख से 27 तारीख तक मेडिकल लीव पर हैं। वहीं दूसरा नाम मनोज शर्मा का सामने आ रहा है, जो गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चर्चा यह भी है कि सुनील कुमार शर्मा और मनोज शर्मा आपस में रिश्तेदार हैं।


CID इन लोगों तक कब पहुंचेगी? 
अब सवाल सीधा है..क्या यह सिर्फ एक संयोग है या इसके पीछे कोई ऐसी कड़ी है, जिसे जांच एजेंसी को खंगालने की जरूरत है? कई अखबारों में आज इस पूरे मामले से जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के बाद सवाल और गंभीर हो गए हैं। लेकिन खबरों से आगे अब सबसे बड़ा इंतजार जांच एजेंसी की कार्रवाई का है। CID इन लोगों तक कब पहुंचेगी? क्या दोनों से पूछताछ होगी? क्या इनके संपर्क, गतिविधियों और PGT परीक्षा से जुड़े किसी संभावित कनेक्शन की जांच होगी? और अगर जांच होगी तो क्या कोई नई कड़ी सामने आएगी? सबसे अहम बात यह है कि PGT परीक्षा भी TDPL एजेंसी के जरिए आयोजित हुई थी। ऐसे में अगर एजेंसी से जुड़ी परीक्षाओं की व्यापक जांच होती है, तो PGT को जांच के दायरे से बाहर रखना भी सवाल खड़े कर सकता है।


CGL की परतें खुलने के बाद अब PGT की बारी?
CGL के बाद अब अभ्यर्थियों के बीच एक ही सवाल घूम रहा हैं..क्या जांच की आंच PGT तक भी पहुंचेगी? अगर जांच निष्पक्ष और गहराई से हुई, तो परीक्षा प्रक्रिया से लेकर अभ्यर्थियों के चयन तक हर संदिग्ध कड़ी की पड़ताल करनी होगी। क्योंकि यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति या दो नामों का मामला नहीं है। यह उन हजारों युवाओं के भविष्य का सवाल है, जिन्होंने नौकरी की उम्मीद में दिन-रात मेहनत की है। अगर सब कुछ पारदर्शी है तो जांच से डर कैसा? और अगर कहीं गड़बड़ी हुई है, तो उसे सामने आना ही चाहिए। CID की जांच बताएगी कि मामला सिर्फ सवालों तक सीमित है या इन सवालों के पीछे कोई बड़ी कहानी भी छिपी है। अब नजरें जांच पर हैं..और इंतजार है उस दिन का, जब PGT की फाइल खुलेगी और सच की परत-दर-परत तस्वीर सामने आएगी।

Tags - JSSC PGT JSSC TDPL Agency PGT Exam Hazaribagh