द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्पाद कांस्टेबल मुख्य लिखित परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस और नाराजगी का माहौल है। पहले यह परीक्षा 22 मार्च को आयोजित होने वाली थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए आयोग ने इसे बढ़ाकर 14 अप्रैल कर दिया है।
अब नई तारीख को लेकर अभ्यर्थी सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती है, जो पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मनाया जाता है। ऐसे में उस दिन परीक्षा कैसे आयोजित की जाएगी, यह बड़ा सवाल बन गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग को नई तिथि तय करते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए था कि उस दिन राष्ट्रीय अवकाश है और कई जगहों पर कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों को आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं में भी परेशानी हो सकती है।
.jpeg)
गौरतलब है कि उत्पाद कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया पहले से ही विवादों और परेशानियों में घिरी रही है। शारीरिक परीक्षा के दौरान भी कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और कुछ की जान जाने की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद यह भर्ती प्रक्रिया लगातार चर्चा में रही। अब लिखित परीक्षा की नई तारीख को लेकर भी अभ्यर्थी संशय में हैं और आयोग से इस पर स्पष्टता देने और तिथि पर पुनर्विचार करने की मांग कर रहे हैं।