द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा के पेपर लीक मामले में आज झारखंड उच्च न्यायालय में अहम सुनवाई होगी। इस सुनवाई के बाद यह तय हो सकता है कि परीक्षा दोबारा आयोजित होगी या इसके परिणाम जारी किए जाएंगे।
जानकारी हो कि JSSC-CGL परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित हुई थी। परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए, जिससे इसकी शुचिता पर सवाल उठने लगे। अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग की थी। फिलहाल इस केस में CID जांच कर रही है।
सरकार के वकील ने पिछली सुनवाई में 4 सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद अगली सुनवाई की तिथि 26 मार्च तय की गई थी, जो आज हो रही है। झारखंड सीआईडी आज अदालत में जांच से जुड़ी जानकारी पेश करेगी। अगर पेपर लीक के आरोप सिद्ध होते हैं तो परीक्षा रद्द हो सकती है और इसे फिर से आयोजित करने का आदेश दिया जा सकता है। वहीं अगर आरोप निराधार पाए जाते हैं तो परीक्षा परिणाम जारी किए जा सकते हैं।