द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियों में तेजी ला दी है। इसके साथ ही संगठन सृजन अभियान, प्रखंड स्तर पर ‘संविधान बचाओ रैली’ और पेसा कानून एवं सरना धर्म कोड जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश 6 जून को जूम मीटिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला पर्यवेक्षकों और नगर निकायों के पर्यवेक्षकों से संवाद स्थापित करेंगे।
यह संवाद तीन चरणों में होगा। पहले चरण में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों के प्रतिनिधियों से बातचीत होगी। दूसरे चरण में दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक गुमला, खूंटी, रांची और पाकुड़ जिलों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा। अंतिम चरण में दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक गढ़वा, लातेहार, पलामू और रामगढ़ जिलों के जिलाध्यक्ष और पर्यवेक्षक शामिल होंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के विशेष आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू तथा सचिव सह सह-प्रभारी बेला प्रसाद की भी उपस्थिति रहेगी। बैठक के दौरान प्रखंड कांग्रेस कमिटियों के गठन, मंडल और वार्ड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों की नियुक्ति, संविधान बचाओ रैली की तैयारी, पेसा कानून पर राय और सरना धर्म कोड को लेकर जनजागरण अभियान जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी दी कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश इन मुद्दों की गहन समीक्षा करेंगे और सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। यह संवाद संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति को धार देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।