पलामू :
आखिर कौन है कुंदन कुमार, जो JSSC-CGL परीक्षा में खुद तो सफल हुआ ही, 12 से अधिक अभ्यर्थियों की ‘सेटिंग’ कराने में भी उसकी भूमिका सामने आई है? दरअसल, जेएसएससी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखंड सीआईडी ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और सफल अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने 5 सितंबर को पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। सीजीएल परीक्षा में सफल होने के बाद कुंदन कुमार की पोस्टिंग गुमला जिले के सिसई में हुई थी। यह गिरफ्तारी सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है।
परीक्षा के पहले पेपर के लिए दिए थे पैसे
जांच के दौरान सीआईडी को जानकारी मिली कि कुंदन कुमार ने सीजीएल परीक्षा के पहले पेपर के लिए पैसे दिए थे। जांच एजेंसी को इससे जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। बताया गया है कि कुंदन एक गैंग के जरिए मिथिलेश के संपर्क में आया था। आरोप है कि उसने अपने अलावा एक दर्जन से अधिक अन्य अभ्यर्थियों की भी सेटिंग कराई थी।
.jpeg)
पिछले कुछ दिनों में कई गिरफ्तारियां
जेएसएससी-सीजीएल मामले में सीआईडी की कार्रवाई पिछले कुछ सप्ताह में तेज हुई है। 27 अगस्त को परीक्षा संचालन से जुड़े सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इसके अगले दिन 28 अगस्त को सीआईडी ने परीक्षा में सफल चार अभ्यर्थियों दीपक कुमार, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह और उमेश कुमार राय को गिरफ्तार किया था।
30 अगस्त को भी हुई थी गिरफ्तारी
इसके बाद 30 अगस्त को गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर कुमार को गिरफ्तार किया गया था। अब कुंदन कुमार की गिरफ्तारी के बाद सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में सीआईडी की जांच और कार्रवाई आगे बढ़ी है।