logo

सफल अभ्यर्थियों की सरकार से अनुशंसा करने में JPSC ने अपने ही आदेश का उल्लंघन किया

JPSC32.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पिछले दिनों झारखंड लोक सेवा आयोग ने 11 वीं से 13 वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा के सफल उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इसके बाद जेपीएससी ने सफल उम्मीदवारों के नामों की सरकार से अनुशंसा कर दी। लेकिन अनुशंसा के क्रम में जेपीएससी अपने ही आदेश को भूल गया। उसका उल्लंघन कर गया। मालूम हो कि इस प्रतियोगिता परीक्षा में कुल 342 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें अलग अलग विभागों के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची है। उनमें प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, सूचना सेवा, वित्त सेवा व अन्य सेवा शामिल है। 


15 जनवरी 2015 को जेपीएससी ने एक आदेश (संख्या-2, परीक्षा-जेपीएससी-4/2014/137 जारी किया था। उस आदेश के पारा (ड़) में कहा गया है-परीक्षा के उपरांत आयोग द्वारा अपनी अनुशंसा भेजे जाने के समय निम्न सूचनाओं के साथ प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी। आयोग के वेबसाइट पर संबंधित परीक्षा के सफल उम्मीदवारों की सूची उपलब्ध होगी। अनुशंसित उम्मीदवारों के कोटिवार कट ऑफ मार्क्स भी आयोग के वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। परीक्षा में सम्मिलित सफल एवं असफल अभ्यर्थियों के अंक भी आयोग के वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। ताकि संबंधित उम्मीदवार प्राप्त अंको का अवलोकन कर सकेंगे। ये सभी सूचनाएं 60 दिनों तक आयोग के वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। लेकिन राज्य सरकार को सफल अभ्यर्थियों की अनुशंसा किए जाने के साथ ही उपरोक्त कोई भी सूचना आयोग के वेबसाइट पर नहीं है।

Tags - JPSC marks of successful and unsuccessful candidates commission did not put on website it is order of commission Jharkhand