द फॉलोअप डेस्क
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2023 (JPSC) में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच को लेकर उठे सवालों पर राजभवन ने राज्य सरकार से भी जांच कराने की अनुशंसा की है। राजभवन से पत्र मिलने के बाद कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग इस पर सरकार के शीर्ष स्तर पर अनुमति लेते हुए जेपीएससी से स्पष्टीकरण मांगेगा। आरोपों पर बिंदुवार जवाब मांगेगा। मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पिछले दिनों राज्यपाल संतोष गंगवार से मिल कर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में हुई अनियमितताओं से संबंधित पत्र सौंपा था। अपने पत्र के साथ कई तथ्यात्मक जानकारी भी दी थी। उसके बाद राजभवन ने जेपीएससी चेयरमैन को नियमानुसार कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी।

इधर राजभवन ने रघुवर दास द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर राज्य सरकार को भी जांच करा लेने की अनुशंसा की है। सूत्रों के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल रहे लगभग एक दर्जन अभ्यर्थियों ने भी राज्य सरकार को उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में हुई गड़बड़ी और परीक्षा संचालन नियमावली के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों पर विभाग ने उच्च स्तर पर निर्णय लेने की अनुशंसा की है। हालांकि सरकार के शीर्ष स्तर पर छात्रों के आरोपों पर निर्णय नहीं हो सका है। इसी बीच राजभवन ने भी सरकार से रघुवर दास के आरोपों की जांच करा लेने की अनुशंसा कर दी है। इससे मामला उलझता हुआ जा रहा है।
