गिरिडीह
गिरिडीह में आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से राजधानी रांची में चल रहे JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर सवाल पूछा गया। सवाल सुनते ही मंत्री कुछ क्षणों तक चुप रहे। इसके बाद उन्होंने सीधे आंदोलन पर कोई टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा, "खेल की जगह खेल की बात होनी चाहिए।" इतना कहकर उन्होंने बातचीत को खेल प्रतियोगिता की ओर मोड़ दिया। गौरतलब है कि राजधानी रांची में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हजारों अभ्यर्थी आंदोलनरत हैं।

सरकार के रुख पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं
छात्र 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने, पूरे मामले की CBI जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है और सरकार पर स्पष्ट रुख अपनाने का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की संक्षिप्त प्रतिक्रिया ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि उन्होंने आंदोलन की मांगों या सरकार के रुख पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और पूरा ध्यान बैडमिंटन टूर्नामेंट के आयोजन तथा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन पर केंद्रित रखा।
