द फॉलोअप डेस्क
जेपीएससी और जेएसएससी में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर लोगों से पैसे लेने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। सूत्रों के अनुसार, गुरुचरण साव नामक व्यक्ति ने उसे यह कहकर चौका बुलाया कि उसकी भांजी भी प्रतियोगी परीक्षा की अभ्यर्थी है और नौकरी लगवाने के लिए तय रकम तथा चेक देना है। इसी बहाने संदिग्ध व्यक्ति को चौका बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे चौका थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति खुद को जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में नौकरी दिलाने में सक्षम बताकर लोगों को झांसे में लेता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलने का आरोप है। हालांकि इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पास से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई चेक भी बरामद हुए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल चौका थाना पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का नेटवर्क कितना बड़ा है तथा क्या अन्य लोग भी इससे जुड़े हैं। थाना प्रभारी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल सामने आई सभी जानकारी सूत्रों के हवाले से है और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। यह मामला सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र का है।
