logo

JET-2024 : 26 अप्रैल को होगी झारखंड पात्रता परीक्षा, दो पेपर में होगा मूल्यांकन

jpsc33.jpg

द फॉलोअप डेस्क
JPSC ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 (JET-2024) के आयोजन को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को राज्य के छह जिलों- रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग और देवघर में आयोजित की जाएगी। आयोग ने बताया कि परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की शिक्षण क्षमता, शोध अभिरुचि और विषयगत दक्षता का आकलन किया जाएगा। परीक्षा दो पेपर में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल 100 अंक निर्धारित होंगे। यह पेपर अभ्यर्थियों की शिक्षण योग्यता, तार्किक क्षमता, पठन कौशल और सामान्य जागरूकता की जांच के लिए तैयार किया गया है।


दूसरे पेपर में 100 प्रश्न होंगे, जो 200 अंकों के होंगे। यह पेपर अभ्यर्थी द्वारा चुने गए विषय पर आधारित होगा और उनके विषय ज्ञान का मूल्यांकन करेगा। दोनों पेपर के लिए कुल तीन घंटे का समय निर्धारित है और बीच में कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा। आयोग के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आवंटन की सूची 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी OTR पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं एडमिट कार्ड 22 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे।


परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, उपस्थिति पत्रक, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और आईरिस जांच की व्यवस्था भी की गई है, जिससे प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा सके। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। साथ ही सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह वर्जित है। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
 

Tags - JPSC JET 2024 Jharkhand News Government Exam Exam Update Admit Card Exam Date Jharkhand Exam Teaching Eligibility Test Sarkari Naukri.